सांसद प्रतिनिधि की बेटी की शादी में कन्यादान का बैग चुराने वाला चोर गिरफ्तार, नगदी बरामद

सांसद प्रतिनिधि की बेटी की शादी में कन्यादान का बैग चुराने वाला चोर गिरफ्तार, नगदी बरामद
हापुड़। मेरठ-हापुड़ सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली की बेटी की शादी में कन्यादान के रुपयों से भरा ट्रॉली बैग चुराने वाले आरोपी को हापुड़ देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 1.80 लाख रुपये नकद, एक चाकू और वीआईपी लोगों के नाम वाले 14 खाली लिफाफे बरामद हुए हैं।
हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि 11 जुलाई को अशोक बबली की पुत्री का विवाह समारोह था। इसमें क्षेत्र के विधायक, बड़े व्यापारी नेता और शहर की कई गणमान्य हस्तियां शामिल हुई थीं। इसी दौरान एक शातिर चोर खिड़की तोड़कर कमरे में घुसा और कन्यादान का बैग लेकर फरार हो गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। रविवार रात उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार टीम के साथ भीमनगर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर एलएन रोड से लोधीपुर मार्ग पर नाकेबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी संजू निवासी भीमनगर को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बैग में कुल रकम ज्यादा थी। उसने 5.10 लाख रुपये खर्च कर दिए हैं। बचे 1.80 लाख रुपये, बैग और 14 लिफाफे बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।











