रजवाहे में नहाते समय डूबा 8 वर्षीय बालक, मौत से परिवार में कोहराम

रजवाहे में नहाते समय डूबा 8 वर्षीय बालक, मौत से परिवार में कोहराम
हापुड़ । धौलाना क्षेत्र में देहरा-जादोपुर रजवाहे में नहाते समय संतुलन बिगड़ने से 8 वर्षीय बालक की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव देहरा की नई सड़क निवासी शाहिद अली का बेटा असद 8 वर्ष अपने 5 वर्षीय छोटे भाई चांद के साथ रजवाहे में नहाने गया था। दोनों किनारे बैठकर नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक असद का पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया।
छोटे भाई चांद ने शोर मचाया। रजवाहे की पटरी से गुजर रहे राहगीरों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बच्चे को तलाशना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद असद कुछ दूरी पर पानी में मिला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।











