कार में अगवा कर 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी

कार में अगवा कर 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में कार में अगवा कर 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी बाबूगढ़ छावनी स्थित एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा है। गांव का ही रहने वाला राजदेव उसे पिछले कुछ दिनों से बहला-फुसला रहा था।
12 जून को छात्रा जब ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, तभी आरोपी कार लेकर आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। गांव उपैड़ा के पास हाईवे से उतारकर जंगल की तरफ ले जाकर आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने घटना की वीडियो भी बना ली।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर छात्रा और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी छात्रा ने घर आकर मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत दी।
देहात थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी राजदेव के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण, धमकी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











