3 लाख रुपये लेकर घर से निकला युवक लापता, पिता ने दर्ज कराई गुमशुदगी

3 लाख रुपये लेकर घर से निकला युवक लापता, पिता ने दर्ज कराई गुमशुदगी*
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के दौताई गांव से 3 लाख रुपये लेकर मेरठ गया एक युवक दो दिन से लापता है। परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर युवक का पता लगाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दौताई गांव निवासी कलवा ने पुलिस को बताया कि उनका 35 वर्षीय पुत्र वसीम दो दिन पहले घर के सोने के आभूषण सुनार की दुकान पर गिरवी रखकर 3 लाख रुपये लेकर आया था।
अगले दिन वसीम घर वालों को बताकर मेरठ जाने की बात कहकर निकला था और शाम तक वापस आने की बात कही थी। लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा।
परिजनों ने वसीम के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
वृद्ध पिता कलवा ने आशंका जताई है कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हो सकती है।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। युवक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है।











