कूलर का स्विच ऑन करते ही लगा करंट, 15 वर्षीय किशोर की मौत

कूलर का स्विच ऑन करते ही लगा करंट, 15 वर्षीय किशोर की मौत*
धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचरा में किराये पर रह रहे एक परिवार पर शुक्रवार शाम दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कूलर चलाने के दौरान करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।
जिला लखीमपुर खीरी के गांव रायपुर घूंसाई निवासी अलीम परिवार के साथ शेखपुर खिचरा में किराए पर रहता है। वह पास की एक फैक्टरी में काम करता है।
शुक्रवार शाम अलीम का बेटा शाहवान 15 वर्ष घर में रखे कूलर को चलाने के लिए स्विच ऑन करने गया। जैसे ही उसने स्विच दबाया, कूलर में उतरे करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा।
परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किशोर की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
*बचाव के लिए बरतें सावधानी*
बिजली तकनीशियन संतोष ने बताया कि बरसात के मौसम में बिजली के उपकरणों से करंट लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कूलर, पंखे और अन्य उपकरणों की समय-समय पर किसी जानकार से जांच करानी चाहिए। गीले हाथों से स्विच न छुएं और अर्थिंग दुरुस्त रखें।











