एलायंस क्लब क्रिस्टल ने कांवरियों की सेवा के साथ लगाया निःशुल्क दंत जांच शिविर

एलायंस क्लब क्रिस्टल ने कांवरियों की सेवा के साथ लगाया निःशुल्क दंत जांच शिविर
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।पावन श्रावण मास के अवसर पर एलायंस क्लब क्रिस्टल हापुड़ ने सोमवार को पक्का बाग में कांवरियों की सेवा का विशेष आयोजन किया। क्लब सदस्यों ने श्रद्धाभाव से शिवभक्तों का स्वागत कर उन्हें केले, फ्रूटी, बिस्किट और शीतल जल वितरित किया। साथ ही उनकी मंगलमय कांवड़ यात्रा की कामना की।
सेवा के साथ क्लब द्वारा निःशुल्क दंत चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में डॉक्टरों ने कांवरियों के दांतों की जांच की और दांतों की देखभाल के लिए जरूरी परामर्श दिया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। सेवा और स्वास्थ्य सुविधा के इस संयुक्त प्रयास की कांवरियों और आमजन ने सराहना की।
कार्यक्रम में एलायंस 142 N के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भगवत गोयल विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि श्रावण में कांवरियों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। उन्होंने क्लब को भविष्य में भी ऐसे जनहित के कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
क्लब अध्यक्ष रवि मोहन गर्ग ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना क्लब का मुख्य उद्देश्य है। सचिव योगेंद्र अग्रवाल ने प्रसाद वितरण और शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कराया।
इस अवसर पर कपिल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, पुलकित जैन, मनोज गुप्ता, पंकज कंसल, राहुल गुप्ता, विश्वास गोयल, अरुण मित्तल, धीरज गर्ग, दीपक गर्ग, सर्वेश गोयल, मुकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष के साथ हुआ।















