दिल्ली रोड बनेगा ‘स्मार्ट गेटवे कॉरिडोर’, 2 किमी में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

दिल्ली रोड बनेगा ‘स्मार्ट गेटवे कॉरिडोर’, 2 किमी में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
हापुड़। शहर में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग दिल्ली रोड को आधुनिक स्वरूप देने के लिए हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने निजामपुर बाईपास स्थित जीरो पॉइंट से प्रीत विहार क्रॉसिंग तक करीब 2 किमी लंबे ‘स्मार्ट गेटवे कॉरिडोर’ के विकास की योजना बनाई है।
इसके लिए एचपीडीए ने आर्किटेक्चरल और अर्बन डिजाइन कंसल्टेंसी फर्म के चयन के लिए टेंडर जारी कर दिया है। चयनित फर्म को इस कॉरिडोर की डीपीआर और विस्तृत डिजाइन तैयार करनी होगी।
योजना के तहत इस मार्ग को शहर का प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। यहां बेहतर सड़क, सुंदर गेट, स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक व्यवस्था, हरियाली, फुटपाथ, पार्किंग, सीसीटीवी, रंगीन फव्वारे और साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
एचपीडीए सचिव अमित कादियान ने बताया कि शहर के प्रवेश द्वार को सुंदर, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। शहर में नया विकास कार्य शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।















