बंद मकान का ताला तोड़कर 50 हजार की नकदी और जेवर चोरी

बंद मकान का ताला तोड़कर 50 हजार की नकदी और जेवर चोरी
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव पूठा हुसैनपुर में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नागेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने दो भाइयों के साथ दिल्ली में नौकरी करता है। तेज बारिश के कारण शुक्रवार को वह घर नहीं लौट सका। शनिवार सुबह जब वह घर पहुंचा तो मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ था। चोर घर से करीब 50 हजार रुपये नकद और दो सोने की अंगूठियां ले गए।
पीड़ित ने बताया कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी गायब कर दी और कैमरों के तार काट दिए थे।
सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।















