हापुड़ में विश्व हिंदू परिषद मेरठ प्रांत की दो दिवसीय बैठक शुरू,अशोक सिंघल शताब्दी, हित चिंतक अभियान और गौरक्षा प्रस्तावों पर मंथन

हापुड़ में विश्व हिंदू परिषद मेरठ प्रांत की दो दिवसीय बैठक शुरू,अशोक सिंघल शताब्दी, हित चिंतक अभियान और गौरक्षा प्रस्तावों पर मंथन

हापुड़। विश्व हिंदू परिषद मेरठ प्रांत की दो दिवसीय प्रांत बैठक सोमवार को मोदीनगर रोड स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर में शुरू हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और केंद्रीय प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गौरक्षा प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय, क्षेत्र संगठन मंत्री श्री मुकेश विनायक, प्रांत अध्यक्ष सुशील जैन, प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर और प्रांत संगठन मंत्री अरुण पांचजन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया।
पहले सत्र में केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय ने केंद्र में पारित तीन प्रस्तावों की जानकारी दी। इसमें हिंदू परिवारों को सुदृढ़ बनाए रखना, स्वामी लक्ष्मणानंद जी की हत्या की जांच रिपोर्ट के गायब होने का मुद्दा और संत रविदास जी की 650वीं जयंती को भव्य रूप से मनाना शामिल है।
क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश विनायक ने कार्यकर्ताओं को कार्य, कार्यक्षेत्र और दायित्वों के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूज्य अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी, हित चिंतक अभियान, गोपाष्टमी, दुर्गाष्टमी, अखंड भारत संकल्प दिवस, विहिप स्थापना दिवस, शौर्य दिवस यात्रा और धर्म रक्षा दिवस जैसे कार्यक्रम जिला से लेकर समिति स्तर तक मनाए जाएंगे।
प्रांत संगठन मंत्री अरुण पांचजन्य ने अशोक सिंघल जी की जन्मशताब्दी वर्ष पर 3 से 5 दिन की विस्तारक कार्यकर्ता योजना की रूपरेखा रखी। प्रांत मंत्री श्री राजकुमार डूंगर ने पिछले 6 माह के कार्यों की समीक्षा कर आगामी कार्यक्रमों की योजना प्रस्तुत की।
बैठक में प्रांत भर के जिला प्रतिनिधियों ने अपने-अपने जिले का प्रतिवेदन दिया और आगामी कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा की।
बैठक में क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख यशपाल, छाया, जितेंद्र चौधरी, अमित जिंदल, मनोज सिरोही, अनूप सहित प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।















