16.99 लाख हड़पने का आरोप, एफआईआर दर्ज

16.99 लाख हड़पने का आरोप, एफआईआर दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी में ढाबे के किराए को लेकर विवाद सामने आया है। ढाबा मालिक मुफीद अली ने किराए पर ढाबा लेने वाले शक्ति सिंह और उसके साझेदारों पर 16.99 लाख रुपये हड़पने, कब्जा करने का प्रयास, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित मुफीद अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शक्ति सिंह ने मई 2024 तक ढाबे का किराया दिया था। इसके बाद 30 जून को ढाबा बंद कर वे चले गए।
आरोप है कि जाते समय उन्होंने ढाबे में तोड़फोड़ की और बिजली का बिल भी नहीं भरा। मुफीद के अनुसार किराया, बिजली बिल और नुकसान मिलाकर कुल 16,99,476 रुपये बकाया हैं।
ढाबा खाली कराने के बाद भी आरोपित बार-बार आकर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं और गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















