News
पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या में पति गिरफ्तार

पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या में पति गिरफ्तार
हापुड़ :
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव रेतावाली मड़ैया में विवाहिता का शव शुक्रवार सुबह जंगल में पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया और मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेशर क्षेत्र के
गांव रेतावाली मड़ैया निवासी मनवीर सिंह की शादी करीब दो साल पहले अमरोहा निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के जंगल में एक पेड़ से प्रियंका का शव लटका देखा। सूचना पर गढ़ कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे और जमकर विरोध किया।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी में 5 लाख रुपये से अधिक का दान-दहेज दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। इसके बाद लगातार एक लाख रुपये नकद और दो भैंस की मांग की जाती रही।परिजनों ने बताया कि अप्रैल माह में दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रियंका को घर से निकाल दिया गया था। बाद में पंचों के समझौते के बाद वह फिर ससुराल गई थी। मायके पक्ष का दावा है कि घटना से दो दिन पहले प्रियंका ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना हो रही है।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति मनवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।











