मकान विवाद में महिला ने जेठ पर छेड़छाड़ और धमकी देने का लगाया आरोप

मकान विवाद में महिला ने जेठ पर छेड़छाड़ और धमकी देने का लगाया आरोप
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने जेठ पर मकान विवाद को लेकर छेड़छाड़, अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता महिला का आरोप है कि उसके ससुर की पैतृक संपत्ति का परिवार में आपसी समझौते के तहत बंटवारा हो चुका है। उनके पति ने अपने अन्य भाइयों को हिस्से की धनराशि नकद और ऑनलाइन माध्यम से दे दी थी। इसके बाद ससुर द्वारा दिसंबर 2024 में उक्त मकान का पंजीकृत उपहार पत्र उनके पति के नाम कर दिया गया, जिसके बाद से मकान पर उनके पति का कानूनी स्वामित्व है।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बावजूद उसका जेठ फिरोज मकान में जबरन रह रहा है और बिना अनुमति स्पोर्ट्स आइटम बनाने का काम कर रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि फिरोज शराब पीने का आदी है और पूर्व में भी उसके साथ कई बार अभद्र व्यवहार कर चुका है। इस संबंध में उसने 16 मार्च 2026 को भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिला के अनुसार, हाल ही में जब वह रसोई में खाना बना रही थी, तभी आरोपी वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ जबरदस्ती तथा अश्लील हरकत की। शोर सुनकर पहुंचे परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा है।
महिला ने एसपी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने, उसे मकान से बाहर निकलवाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।











