दहेज में 10 लाख रुपए ना देने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप, हत्या से पूर्व पिता से बचाने की गुहार लगाई थी बेटी ने

हापुड़।
थाना सिम्भावली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायकेवालों ने सुसरालियों पर दहेज में 10 लाख रुपए ना देने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप लगाने का दावा किया और पिता नेहत्या से पूर्व बेटी ने उसे फोन पर बचाने की गुहार लगाई थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिंभावली के भोवापुर मस्तान नगर निवासी शुभम गोयल की शादी दो साल पहले ऋषिकेश, उत्तराखंड की अदिति गर्ग से हुई थी।अदिति के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष शुभम गोयल, लोकेश गोयल और पूनम गोयल पिछले दो वर्षों से लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर 21 मई को अदिति को जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए ससुराल पक्ष ने अदिति को हापुड़ के जीएस अस्पताल में भर्ती कराया था। 22 मई को अस्पताल में अदिति की मौत हो गई।
अदिति की मौत की सूचना मिलने पर उसके परिजन सिंभावली पहुंचे और थाना सिंभावली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मृतक महिला के पिता सचिन कुमार ने बताया कि 21 मई को रात करीब 9:10 बजे अदिति ने उन्हें फोन कर कहा था, “पापा मुझे ले जाओ, मेरा पति शुभम, ससुर लोकेश और सास पूनम गोयल मेरी हत्या कर देंगे।
तहरीर में सचिन कुमार ने यह भी उल्लेख किया है कि जहर देने से पहले अदिति के ससुर लोकेश गोयल ने उन्हें फोन कर 10 लाख रुपये की मांग की थी और धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उनकी बेटी को मार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले दो सालों में ऐसी धमकियां और मारपीट की शिकायतें कई बार मिली थीं।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











