झूठी शिकायत करने वालें सहायक अध्यापक को बीएसए ने जांच के बाद किया निलंबित

हापुड़।
धौलाना तहसील क्षेत्र स्थित बेसिक विभाग के प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर की मढैया में मिड-डे मील योजना में कथित अनियमितताओं की झूठी शिकायत करने वालें सहायक अध्यापक गुरुदयाल सिंह को जांच के बाद बीएसए ने निलम्बित कर दिया।
जानकारी के अनुसार धौलाना ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर की मढैया में तैनात सहायक अध्यापक गुरुदयाल सिंह ने मिड डे मील में अनियमितताओं को लेकर शिकायत की थी।
मुख्य विकास अधिकारी को दी गई शिकायत पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने विद्यालय का निरीक्षण किया था।
समिति में खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी धौलाना और जिला समन्वयक मिड-डे मील शामिल थे। जांच में शिकायत के चारों आरोप प्रथमदृष्टया निराधार पाए गए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 159 नामांकित छात्रों में से 105 छात्र उपस्थित मिले। बच्चों को मेन्यू के अनुसार दाल-चावल परोसा जा रहा था। समिति ने बच्चों,शिक्षकों व रसोइयों से बातचीत की, जिसमें भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक बताई गई। रसोइयों ने कहा कि प्रत्येक बुधवार को प्रति छात्र 150 ग्राम दूध वितरित किया जाता है। शिकायत में आरोप था कि बच्चों को मात्र छह लीटर दूध में पानी मिलाकर दिया जा रहा है और लगातार तहारी परोसी जा रही है। यह आरोप भी गलत पाए गए। रसोइयों ने बयान दिया कि प्रसारित फोटो वीडियो कथित रूप से सहायक अध्यापक गुरुदयाल सिंह द्वारा खींचे गए थे। उन पर जांच समिति के समक्ष अपने पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया। समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि प्रसारित फोटो-वीडियो और घटनाक्रम से विभागीय छवि धूमिलहुई है। यदि किसी अध्यापक के कहने पर दूध में पानी मिलाया गया, तो यह बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर गुरुदयाल का आचरण सरकारी सेवक के विपरीत मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। विभागीय जांच के लिए एबीएसए योगेश गुप्ता को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन शिक्षक गुरुदयाल ने बताया कि उनको सुना ही नहीं गया है। वह अपने साक्ष्य उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। अभी निलंबित किए जाने की जानकारी नहीं है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रीतु तोमर ने बताया कि दूसरे शिक्षकों को फंसाने के लिए सहायक अध्यापक गुरुदयाल ने ही दूध की खाली थैलियों को पैर से फैलाकर फोटो लिए और फिर रसोइयों से पानी मिलाने को कहा। रसोईयों ने भी इस बात की पुष्टि की। सहायक अध्यापक निलंबित कर दिया गया है।











