जिला पंचायत में फैला भ्रष्टाचार, भूमाफियाओं से मिलीभगत के आरोपों को लेकर सदस्यों ने किया धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के दिल्ली रोड़ स्थित जिला पंचायत कार्यालय में भ्रष्टाचार व भूमाफियाओं से मिलीभगत के आरोप लगाते हुए जिला पंचायत सदस्यों ने धरना प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा।
जिला पंचायत सदस्य सुमित सिसोदिया और सदस्य पति सुरेश तोमर ने ग्रामीणों के साथ कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अवैध कालोनियों के ध्वस्तीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विभाग में तैनात अवर अभियंता की भू-माफियाओं से साठगांठ है, जिसके चलते अवैध कालोनियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की किसंबंधित अधिकारी के कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक उन्हें पद से हटाया जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो सके। सदस्यों ने आरोप लगाया कि अवैध कालोनियों के संचालकों से मिलीभगत कर अवैध वसूली की जा रही है।
उन्होंने ऐसी कोलोनियों को चिन्हित कर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग उठाई।इसके साथ ही जिला पंचायत कार्यालय में दलालों के प्रवेश पर रोक लगाने और बिना किसी अधिकार वाले व्यक्तियों की कार्यालय में बैठकों पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। जिन भूखंडों के मानचित्र कथित रूप से गलत तरीके से पास किए गए हैं, उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने जिला पंचायत कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार से संबंधित एक सूक्ष्म वीडियो जार करने की भी मांग की।











