मानसिक तनाव से परेशान हिस्ट्रीशीटर मुंशी ने गोली मारकर की आत्महत्या

हापुड़।
थाना धौलाना क्षेत्र में तहसील में एक वकील के मुंशी व हिस्ट्रीशीटर ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार वह मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।
धौलाना निवासी प्रमोद तोमर (45) एक वकील के चेम्बर में मुंशी का काम करते थे। उनके भतीजे अधिवक्ता सौरभ तोमर के अनुसार, पार्टीबाजी के कारण उनके चाचा के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए थे। हालांकि, ज्यादातर मुकदमों में वे बरी हो चुके थे। एक 20 साल पुराना मामला अभी भी हापुड़ न्यायालय में विचाराधीन था।
सोमवार देर शाम को तहसील से काम खत्म कर घर लौटने के बाद, प्रमोद ने पास के एक खंडहर में जाकर कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत प्रमोद को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक वह काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक की थाना धौलाना में हिस्ट्रीशीट दर्ज थी।












