श्रीमती कमला अग्रवाल ग्रुप ऑफ स्कूल्स में संयुक्त रूप से आयोजित हुआ विंटर कार्निवल का भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम

हापुड़। श्रीमती कमला अग्रवाल ग्रुप ऑफ स्कूल्स में संयुक्त रूप से विंटर कार्निवल का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव और उमंग से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालयों की प्रधानाचार्यों श्रीमती पारुल शर्मा एवं श्रीमती रेखा शर्मा, मैनेजर एडमिन श्री बृजमोहन गुप्ता, मैनेजर एस्टेट श्री नरेश कुमार अग्रवाल तथा श्री मनीष बंसल के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस आयोजन में छात्रों, अभिभावकों तथा शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। कार्निवल के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, नृत्य, स्किट एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और सभी की सराहना प्राप्त की।आगुन्तकों ने मेहंदी और टैटू बनवाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। परिसर में स्नोफॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्निवल में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट भोजन एवं पेय पदार्थों की आकर्षक व्यवस्था की गई थी, जिनका छात्रों और अभिभावकों ने आनंदपूर्वक स्वाद लिया। इसके साथ ही मनोरंजन से जुड़ी अनेक गतिविधियाँ एवं स्टॉल भी लगाए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में हर्ष, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। उत्सव के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी व मेडल वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या पारुल शर्मा द्वारा लकी ड्रा में जीतने वाले विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। इस संयुक्त विंटर कार्निवल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को एक मंच पर एकत्रित कर उन्हें मनोरंजन, आनंद और सहभागिता का अवसर प्रदान करना था, साथ ही उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना भी था। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक गण और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल और स्मरणीय सिद्ध हुआ।












