कैप्सूल ट्रक ने ऑटो में मारी टक्कर, ऑटो सवार छह महिलाएं हुई घायल , वाहनों के ड्राइवर हुए फरार

कैप्सूल ट्रक ने ऑटो में मारी टक्कर, ऑटो सवार छह महिलाएं हुई घायल , वाहनों के ड्राइवर हुए फरार
हापुड़ ।
थाना धौलाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने एक ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। जिससे ऑटो सवार छह महिलाएं घायल हो गई। चीख-पुकार की आवाज सुनकर राहगीरों ने घायल महिलाओं को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के बाद दोनों वाहनों के ड्राइवर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच वाहनों को कब्जें में लेकर ट्रैफिक सुचारू किया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह धौलाना से कुछ महिलाएं फैक्ट्रियों में काम करने के लिए
ऑटो में सवार होकर जा रही थी, तभी धौलाना-मसूरी रोड पर स्थित देहरा गांव में तेज रफ्तार एक कैप्सूल ट्रक ने सामने से आ रहे ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और महिलाओं की चीख-पुकार मच गई।
घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए खड़ी मशक्कत के बाद घायल महिलाओं को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया और दोनों वाहनों के ड्राइवर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों वाहनों को हटवाकर ट्रेफिक सुचारू किया।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में धौलाना निवासी मुनीजा, नफीसा, आरती व गुलावठी निवासी सलमा , गुलअफशा , शबाना घायल हो गई । जिन्हें जिला अस्पताल और मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। इनमें से तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।











