आपातकालीन रेल मरम्मत के चलते हापुड़-पिलखुआ के बीच 3 फरवरी से 8 फरवरी तक फाटक संख्या 77 सी से रहेगा बंद

आपातकालीन रेल मरम्मत के चलते हापुड़-पिलखुआ के बीच
3 फरवरी से 8 फरवरी तक फाटक संख्या 77 सी से रहेगा बंद
हापुड़। हापुड़-पिलखुआ रेलखंड के बीच स्थित समपार फाटक संख्या 77-सी को रेलपथ की आपातकालीन मरम्मत के चलते अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। यह फाटक किलोमीटर 109/10-12 पर स्थित है, जहाँ रेलपथ की स्थिति को देखते हुए मरम्मत कार्य अत्यंत आवश्यक बताया गया है।
रेल प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह फाटक दिनांक 3 फरवरी को प्रातः 8 बजे से 8 फरवरी को रात्रि 8 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में फाटक से गुजरने वाला सभी प्रकार का सड़क यातायात पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
मरम्मत कार्य के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। सड़क यातायात को समपार फाटक संख्या 76-सी श्यामनगर के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने जिला प्रशासन से इस कार्य में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य को सुचारु और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्टाफ की उपस्थिति आवश्यक है। इसके लिए उपजिलाधिकारी से आवश्यक सहयोग एवं स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
रेल प्रशासन ने जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।












