हेल्मेट का लालच देकर अवैध रूप से ब्लड डोनेशन करवाया, जांच के निर्देश

हेल्मेट का लालच देकर अवैध रूप से ब्लड डोनेशन करवाया, जांच के निर्देश
हापुड़ । थाना हापुड़ क्षेत्र शहर स्थित डाक्टर भीमराव आंबेडकर पुस्तकालय में अवैध रूप से रक्तदान शिविर लगाकर हेल्मेट का लालच दिया और 50 यूनिट ब्लड एकत्र कर लिया। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर बंद करवाकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, एक निजी संस्था द्वारा मेरठ के एक अस्पताल का बैनर लगाकर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में आने वाले लोगों को रक्तदान करने के बदले हेलमेट वितरित किए जा रहे थे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचने लगे। बताया जा रहा है कि शिविर में करीब 50 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका था। स्थानीय लोगों को जब शिविर की गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि शिविर संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इतना ही नहीं, रक्तदान से जुड़े जरूरी स्वास्थ्य मानकों और गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल कैंप को बंद करा दिया।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में शिविर में एकत्र किए गए रक्त को जिला अस्पताल भेजने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में वह रक्त उसी टीम को सौंप दिया गया, जो मेरठ से आई थी।
सीएमओ वेदप्रकाश ने बताया कि बिना अनुमति लगाए गए रक्तदान शिविर पूरी तरह नियमों के विरुद्ध हैं।जांच के निर्देश दिए गए हैं।











