राज्य स्तरीय एक दिवसीय शिक्षक सम्मान एवं शैक्षिक संगोष्ठी में पारूल सहित तीन शिक्षिकाओं को किया सम्मानित


हापुड़/लखनऊ। मिशन शिक्षण संवाद के तत्वावधान में ‘पढ़ाई से प्रतियोगिता तक’ राज्य स्तरीय एक दिवसीय शिक्षक सम्मान एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 जनपद से आए शिक्षकों को प्रमाण पत्र व मेमोंटो देकर सम्मानित किया गया।संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता, निपुण भारत मिशन तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य मुख्य अतिथि रहीं, जबकि मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) हेमंत राव एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि पूनम मौर्य ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के वास्तविक निर्माता होते हैं। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की मेहनत, धैर्य और विश्वास ही बच्चों को सफल बनाता है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए
कहा कि, आप भावी पीढ़ी तैयार कर रहे हैं, इसलिए समाज में आपका स्थान सबसे ऊंचा है।
मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक हेमंत राव ने मिशन शिक्षण संवाद की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि मंडल और राज्य स्तर पर नियमित रूप से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए जाने चाहिए, जिसमें बच्चों को भी सम्मानित किया जाए।
कार्यक्रम में जनपद हापुड़ से प्राथमिक विद्यालय नंगला छज्जू, धौलाना की पारुल प्रियम, प्राथमिक विद्यालय न० 1, पिलखुआ की शहाना शैफी व उच्च प्राथमिक विद्यालय घुंघराला की पूजा चतुर्वेदी ने प्रतिभाग किया। शिक्षका पारुल प्रियम ने बताया कि पढ़ाई से प्रतियोगिता तक टीम विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क शैक्षिक सामग्री व ऑनलाइन क्लास प्रदान कर रही है। जिससे हजारों बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं।











