दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित श्रीराम कथा :भक्ति, वैराग्य व प्रेम का त्रिवेणी संगम है श्री राम कथा – डॉ. सर्वेश्वर

*
भक्ति, वैराग्य व प्रेम का त्रिवेणी संगम है – श्री राम कथा
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा अर्जुन नगर के सामने स्थित ग्राउंड, स्वर्ग आश्रम रोड, हापुड़ में 17 से 23 मई 2026 तक सात दिवसीय श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 17 मई, 2026 – रविवार को कथा के प्रथम दिवस में दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य एवं कथाव्यास डॉ. सर्वेश्वर जी ने कथा माहात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि श्री राम कथा मानव जीवन में भक्ति, वैराग्य एवं प्रेम का संचार करती है। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग से लेकर आज तक प्रभु श्री राम संपूर्ण विश्व के लिए मर्यादा एवं आदर्श के प्रतीक बने हुए हैं, यही कारण है कि विश्वभर में 300 से अधिक रामायणों के प्रमाण उपलब्ध हैं। भारत से लेकर विदेशों तक श्री राम की महिमा और रामधुन की गूंज मानव हृदयों को आज भी प्रेरित कर रही है।
डॉ. सर्वेश्वर जी ने कहा कि श्री राम की लोकप्रियता का मुख्य कारण उनके उच्च आदर्श एवं मर्यादित जीवन हैं, किंतु वर्तमान समय में मानव समाज इन मूल्यों से दूर होता जा रहा है। आधुनिकता की अंधी दौड़ में प्रेम, दया, त्याग एवं सौहार्द जैसे संस्कार समाप्त होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज रिश्ते स्वार्थ की भेंट चढ़ रहे हैं तथा परिवारों में आपसी प्रेम और सम्मान कम होता जा रहा है। ऐसे समय में समाज को पुनः श्री राम के आदर्शों की आवश्यकता है, ताकि मानव जीवन में नैतिकता, सद्भाव एवं आध्यात्मिक चेतना का पुनर्जागरण हो सके।
भजन-संकीर्तन की मधुर धुनों से पंडाल में आनंद और भक्ति का भाव फैल गया और कथा से मिली सीख ने प्रेम, सद्भाव और संस्कारों के महत्व को सरल रूप में हृदयों तक पहुँचाया।
उन्होंने आगे कहा कि ब्रह्मज्ञान के माध्यम से ही मानव अपने भीतर स्थित सनातन रामतत्व को प्रकट कर सकता है और यही पावन श्री राम कथा का मुख्य उद्देश्य है।
संस्थान के प्रतिनिधित्व में साध्वी श्वेता भारती जी एवं साध्वी वसुधा भारती जी आदि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में शहर के अनेकानेक सम्मानित अतिथि जैसे – श्रीमान सुधांशु माहेश्वरी जी एवं श्रीमती प्रीति माहेश्वरी जी, श्रीमान दीपक अग्रवाल जी एवं श्रीमती नीरू अग्रवाल जी, श्रीमान अरुण अग्रवाल जी एवं श्रीमती रचना अग्रवाल जी, श्रीमान कोमल शर्मा जी एवं श्रीमती कांता शर्मा जी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रभु श्री राम की पावन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आगामी दिवस श्री राम जन्मोत्सव का पावन उत्सव मनाया जाएगा l अत: हापुड़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालुगण अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य श्री राम कथा का लाभ प्राप्त करें।











