बस संचालन को लेकर खूनी वर्चस्व की जंग, चलती बस पर फायरिंग, कंडक्टर से मारपीट और लूट, 4 नामजद

बस संचालन को लेकर खूनी वर्चस्व की जंग,
चलती बस पर फायरिंग, कंडक्टर से मारपीट और लूट, 4 नामजद
हापुड़। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बसों के संचालन को लेकर वर्चस्व की जंग एक बार फिर हिंसक हो गई। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के हापुड़ बाइपास पर सोमवार को स्कोर्पियो सवार चार हथियारबंद दबंगों ने चलती सवारी बस को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की और कंडक्टर से मारपीट कर लूटपाट की।
मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव राधना निवासी जैद, साहिल बस सर्विस में कंडक्टर है। सोमवार को उसकी बस यात्रियों को लेकर NH-9 से गुजर रही थी। हापुड़ बाइपास पर एक सफेद स्कोर्पियो ने बस को ओवरटेक कर रोका। इसी दौरान पीछे से आई ‘ब्लू स्काई’ नाम की दूसरी बस ने आगे लगकर रास्ता जाम कर दिया।
स्कोर्पियो से लोहे की रॉड, सरिया और अवैध तमंचे लेकर चार युवक उतरे। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान पिलखुवा के गांव दहपा निवासी आरिफ व शाहरुख, बुलंदशहर के स्याना निवासी ताहिर और राधना निवासी अनवार के रूप में हुई है।
आरोपियों ने बस में घुसकर गाली-गलौज की और धमकी दी कि _”इस रूट पर सिर्फ जाहिद स्याना की बस चलेगी, किसी और की नहीं।”_ कंडक्टर जैद के विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली जैद के पास से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने जैद और उसके साथी वजाहत की रॉड और सरियों से पिटाई कर दी।
हमले के दौरान बस में अफरा-तफरी मच गई। जाते समय आरोपी जैद का पर्स लूट ले गए, जिसमें यात्रियों का 5,800 रुपये किराया, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज थे। भागते समय आरोपियों की स्कोर्पियो ने टीपी नगर चौकी के पास एक स्कूटी सवार को भी टक्कर मार दी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद घायल कंडक्टर सीधे देहात थाने पहुंचा और तहरीर दी। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।















