रेलवे गेटमैन पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, पति की हत्या का प्रयास भी बताया, दो पर मुकदमा

रेलवे गेटमैन पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, पति की हत्या का प्रयास भी बताया, दो पर मुकदमा
हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में इंद्रगढ़ी रेलवे फाटक पर तैनात एक गेटमैन पर महिला ने दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर एसपी के आदेश पर पुलिस ने गेटमैन और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 6 साल पहले हुई थी। शादी से पहले इंद्रगढ़ी फाटक पर तैनात गब्बू नामक गेटमैन से उसकी जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि गेटमैन ने अपना धर्म छिपाकर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी ने अपने साथी आदिल अहमद के साथ मिलकर उसके फोटो और वीडियो भी बना लिए।
महिला का कहना है कि जब उसे गेटमैन के बारे में सच्चाई पता चली तो उसने शादी से इंकार कर दिया और बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि शादी के बाद भी गेटमैन फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित भी किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि ब्लैकमेल कर आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले गेटमैन ने उसके पति को फाटक स्थित कार्यालय पर बुलाकर सारी बात बताई। विरोध करने पर आरोपी ने पति का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर पति को बचाया।
हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गब्बू निवासी इंद्रगढ़ी और आदिल अहमद निवासी पटना मुरादपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















