“दहेज न मिलने पर कमरे में बंधक बनाकर रखा, खाना-पानी बंद किया” : विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया गंभीर आरोप

“दहेज न मिलने पर कमरे में बंधक बनाकर रखा, खाना-पानी बंद किया” : विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया गंभीर आरोप
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी निवासी एक विवाहिता ने दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुराल पक्ष पर मारपीट और बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता रेशमा पत्नी विपिन निवासी यमुनापुरम, बुलंदशहर ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 18 नवंबर 2024 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कई दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि इस दौरान उसे खाना-पानी भी नहीं दिया गया।
रेशमा ने बताया कि किसी तरह वहां से निकलकर वह मायके पहुंची और पुलिस से शिकायत की।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि एसपी के आदेश पर रेशमा की तहरीर के आधार पर उसके पति विपिन, सास कांतिदेवी, ससुर ओमप्रकाश, देवर स्पर्श गौतम, ननद शीतल गौतम, ननदोई नीरज कुमार और ममिया ससुर चरण सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और बंधक बनाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।















