जानलेवा हमले के बाद भी मिल रही धमकियां , छात्र के परिजनों ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

जानलेवा हमले के बाद भी मिल रही धमकियां , छात्र के परिजनों ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना हापुड़ क्षेत्र में कार सवार दंबगों द्वारा एक छात्र पर जानलेवा हमले का प्रयास और उसके बाद लगातार धमकी देने का आरोप लगाते हुए छात्र के परिजनों ने एसपी से सुरक्षा कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से वह और उसका परिवार दहशत में जीने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के मौहल्ला श्रीनगर निवासी एक महिला ने एसपी कुंवर ज्ञान्जय सिंह से मिलकर उनके पुत्र पर तीन दिन पूर्व दिल्ली रोड़ पर जैन शिकंजी के पास कार सवार दंबगों जानलेवा हमले का प्रयास व लगातार जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
पीड़ित छात्र की मां ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कुछ दबंगों ने उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी। हमले में बाल-बाल बचने के बाद भी आरोपी उसे और उसके परिजनों को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि न्याय की मांग के लिए उन्हें बार बार थाने व चौकी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं , परन्तु कोई एफआईआर नहीं दर्ज की जा रही है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने व परिवार की सुरक्षा करने की मांग की है।
सीओ सिटी अनिता चौहान ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।















