चौकी से 100 मीटर दूर युवक पर जानलेवा हमला के 7 दिन बाद भी 6 आरोपी फरार, SP बोले- 4 टीमें लगीं, इनाम घोषित होगा

चौकी से 100 मीटर दूर युवक पर जानलेवा हमला के 7 दिन बाद भी 6 आरोपी फरार, SP बोले- 4 टीमें लगीं, इनाम घोषित होगा
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर में पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर 5 जून को दीपांशु उर्फ पाशु पर हुए जानलेवा हमले के 7 दिन बाद भी मुख्य आरोपी अरमान समेत 6 हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एक आरोपी फैजान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई ठप पड़ गई है। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे पाशु के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा अब पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा है। परिजनों ने DIG से लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और फरार आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
चाबी, लात-घूंसों से किया था हमला
घायल के भाई ललित ने बताया कि 5 जून को गांव के ही गैर समुदाय के युवकों ने दीपांशु पर बाइक की चाबी, लात-घूंसों और लोहे की रॉड से हमला कर अधमरा कर दिया था। सिर में गंभीर चोट लगने से वह अब तक बेहोश है और अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने हमले के 20 घंटे बाद केस दर्ज किया और अब 4 टीमें बनाने का दावा करने के बावजूद 7 दिन में सिर्फ एक गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस की धीमी कार्रवाई से टूट रहा भरोसा’
घायल के भाई गुरजीत शर्मा ने कहा, “भाई मौत से लड़ रहा है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। 6 आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। ये कैसा न्याय है?” परिजनों का डेरा अस्पताल में लगा है। परिवार बारी-बारी से पाशु की देखभाल कर रहा है।
बजरंग दल भी उतरा मैदान में
बजरंग दल के जिला संयोजक राहुल बजरंगी ने बताया कि दीपांशु उनकी मौसी का बेटा है। “पुलिस ने शुरू में तेजी दिखाने का भरोसा दिया था, पर अब सिर्फ औपचारिकता निभा रही है। हम DIG और SP से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे,” राहुल ने कहा। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर भारी रोष है। गांववालों का कहना है कि चौकी के पास इतनी बड़ी वारदात और पुलिस का ये रवैया बर्दाश्त नहीं।
SP का बयान: जल्द होगा इनाम घोषित
इस मामले में एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कहा, “खुलासे के लिए 4 टीमें लगाई गई हैं। लगातार दबिश दी जा रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अगर आरोपी जल्द पकड़ में नहीं आते तो उन पर इनाम भी घोषित किया जाएगा।”
परिजनों की मांग: बुलडोजर चले, DIG करें निगरानी
परिजनों ने वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि उच्चस्तरीय निगरानी से ही जांच में तेजी आएगी। परिजनों ने फरार आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और पुलिस की लापरवाही की जांच की भी मांग उठाई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या था मामला
5 जून को बक्सर गांव में पुरानी रंजिश के चलते अरमान, फैजान समेत 7 युवकों ने दीपांशु उर्फ पाशु को घेरकर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने फैजान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अरमान समेत 6 आरोपी फरार हैं।











