क्रिप्टो और फॉरेक्स के नाम पर 50 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी दुबई भागा, दूसरा ED की कार्रवाई में जेल में बंद

क्रिप्टो और फॉरेक्स के नाम पर 50 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी दुबई भागा, दूसरा ED की कार्रवाई में जेल में बंद
हापुड़। विदेशी मुद्रा निवेश और क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 5% मंथली रिटर्न का झांसा देकर 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार वर्मा ने कोतवाली नगर पुलिस को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। मुख्य आरोपी लवीश चौधरी दुबई भाग चुका है, जबकि दूसरा आरोपी डॉ. नवाब हसन प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद जेल में बंद है।
ऐसे बुना ठगी का जाल
थाना देहात के गांव दोयमी निवासी सुशोभित त्यागी ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2021 में उसके परिचित जरोठी निवासी दीपक शर्मा और राहुल शर्मा ने उसकी मुलाकात शामली निवासी डॉ. नवाब हसन और लवीश चौधरी से कराई। दोनों ने खुद को क्रिप्टो ट्रेडिंग और फॉरेक्स इन्वेस्टमेंट कंपनियों का प्रतिनिधि बताया।
सिटी प्लाजा में की थी बड़ी मीटिंग
आरोप है कि मार्च 2022 में रेलवे रोड स्थित सिटी प्लाजा में निवेशकों की बैठक बुलाई गई। यहां भरोसा दिलाया गया कि निवेश पर हर महीने 5% गारंटीड रिटर्न मिलेगा। नया निवेशक जोड़ने पर 2% एक्स्ट्रा कमीशन भी दिया जाएगा। साथ ही कहा गया कि पैसा कभी भी निकाला जा सकता है और इसमें कोई रिस्क नहीं है।
शुरू में दिया मुनाफा, फिर करोड़ों समेटकर भागा
पीड़ित के मुताबिक, शुरुआत में कुछ महीने आरोपियों ने तय मुनाफा दिया ताकि लोगों का भरोसा जीत सकें। भरोसा बनते ही सुशोभित और उसके परिचितों ने खुद के साथ-साथ दूसरे लोगों से भी बड़ी रकम लगवा दी। आरोप है कि करोड़ों रुपये जुटाने के बाद मुख्य आरोपी लवीश चौधरी दुबई भाग गया और वहीं से फोन पर लोगों को निवेश के लिए उकसाता रहा।
पीड़ित ने बताया कि वह खुद दुबई जाकर लवीश से मिला भी था, लेकिन बाद में उसका फोन बंद हो गया। इसी बीच पता चला कि दूसरे आरोपी डॉ. नवाब हसन के ठिकानों पर ED की रेड पड़ी थी और फिलहाल वह जेल में है।
कोर्ट ने पुलिस से मांगी रिपोर्ट
लगातार संपर्क टूटने और पैसा वापस न मिलने पर सुशोभित त्यागी ने CJM कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार वर्मा ने मामले को गंभीर मानते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को जांच कर पूरी रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाली जा रही है। दुबई भागे आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी है।











