शादी के दबाव में छात्रा से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

शादी के दबाव में छात्रा से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पिलखुवा। थाना क्षेत्र में पढ़ने जा रही एक छात्रा के साथ गांव के युवक द्वारा मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह वह पढ़ाई के लिए जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल के नीचे गांव का एक युवक मिला और उसने छात्रा को जबरन अपनी बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक वहां से चला गया।
कुछ देर बाद आरोपी लाइब्रेरी वाली गली में दोबारा पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने छात्रा के साथ मारपीट की और जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए उस पर शादी के लिए दबाव बनाया। इनकार करने पर आरोपी ने छात्रा और उसके भाई को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















