घर में घुसकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, विवाहिता ने सीएम को भेजा पत्र, बोली- गढ़ थाने में FIR नहीं लिखी, आरोपी दे रहे धमकी

घर में घुसकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप,
विवाहिता ने सीएम को भेजा पत्र, बोली- गढ़ थाने में FIR नहीं लिखी, आरोपित दे रहे धमकी
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने न्याय न मिलने पर मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने पत्र में बताया कि उसका विवाह 20 अगस्त 2024 को नगर के एक युवक से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पड़ोस में रहने वाला युवक उस पर बुरी नजर रख रहा था।
पहली घटना 3 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे हुई। आरोप है कि युवक घर में घुस आया। विरोध करने पर उसके पिता भी आ गए और दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि इस घटना का वीडियो उसके पास मौजूद है। उस समय उसने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन मोहल्ले के लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
पीड़िता के अनुसार 23 जुलाई 2026 की सुबह वह घर में अकेली थी और सास दवा लेने गई थीं। इसी दौरान आरोपित दोबारा घर में घुस आया और पीछे से पकड़कर अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
घटना के बाद जब सास ने आरोपित के पिता से शिकायत की तो उन्होंने भी गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि उसी दिन उसने गढ़ कोतवाली में लिखित तहरीर दी, लेकिन अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। आरोप है कि नामजद लोग खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।















