कावड़ यात्रा के लिए पुलिस-व्यापारियों की बैठक, भारी वाहन अब गंगा एक्सप्रेसवे से डायवर्ट होंगे

कावड़ यात्रा के लिए पुलिस-व्यापारियों की बैठक, भारी वाहन अब गंगा एक्सप्रेसवे से डायवर्ट होंगे
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। कावड़ यात्रा को लेकर शनिवार को कोतवाली हापुड़ में सीओ सदर अनीता चौहान की अध्यक्षता में पुलिस, व्यापारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी मनीष चौहान, प्रभारी निरीक्षक द्वितीय और सीओ ट्रैफिक भी मौजूद रहे।
बैठक में कावड़ यात्रा के लिए रूट डायवर्जन चार्ट प्रस्तुत किया गया। इस बार तय किया गया कि हैवी ट्रैफिक का डायवर्जन छिजारसी टोल प्लाजा के बजाय गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से किया जाएगा, ताकि एनएच-09 पर कावड़ियों की आवाजाही बाधित न हो।
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी हो कि न तो कावड़ियों को दिक्कत हो और न ही व्यापार प्रभावित हो। इस पर सहमति बनी कि व्यापारियों की सुविधा के लिए निजामपुर बाईपास से कावड़ियों की संख्या को देखते हुए वाहनों के आवागमन की व्यवस्था की जाएगी।
महामंत्री संजय अग्रवाल ने आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई वाले वाहनों के लिए विशेष पास और आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।
विभाग ने आपसी समन्वय से ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने का आश्वासन दिया। इसके लिए पुलिस, प्रशासन और व्यापारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर भी सहमति हुई ताकि त्वरित सूचना का आदान-प्रदान हो सके।
बैठक में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से अमित गुप्ता, समरजीत सिंह, संजय शोढ़ी, व्यापारी दीपक बंसल, संजय डावर, संजीव जैन, आयुष शर्मा, अमित गोयल, प्रभात अग्रवाल, विवेक गर्ग सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।















