शिवा पाठशाला में गूंजे वंदे मातरम के नारे, कारगिल विजय दिवस पर बच्चों ने दी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

शिवा पाठशाला में गूंजे वंदे मातरम के नारे, कारगिल विजय दिवस पर बच्चों ने दी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि
हापुड़। कारगिल युद्ध की 27वीं वर्षगांठ पर शनिवार को नगर क्षेत्र की शिवा प्राथमिक पाठशाला देशभक्ति के रंग में रंग गई। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने डांस, नाटक, क्विज और पोस्टर के माध्यम से कारगिल के शहीदों की शौर्य गाथा को जीवंत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा फहराकर और बच्चों के देशभक्ति नृत्य से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा परिसर गूंजा दिया। बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टरों में कारगिल की चोटियों, तिरंगे और सैनिकों के बलिदान को दर्शाया गया। नाट्य प्रस्तुति में बच्चों ने कारगिल युद्ध के दृश्यों का मंचन कर दर्शकों को भावुक कर दिया।
विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई जिसमें बच्चों ने कारगिल युद्ध से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी दिखाई। देशभक्ति गीतों पर हुए डांस ने माहौल को और जोशपूर्ण बना दिया।
प्रधानाध्यापिका डॉ. सुमन अग्रवाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में भी देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हमें उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर देशसेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षिका नीतू नारंग, डॉ. हरजीत कौर, सुमन, सोनम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अंत में सभी ने शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।















