ट्रांसफार्मर के उपकरण चुराने वाले 5 शातिर गिरफ्तार, 3 कुंतल कॉपर तार बरामद

ट्रांसफार्मर के उपकरण चुराने वाले 5 शातिर गिरफ्तार, 3 कुंतल कॉपर तार बरामद
हापुड़। थाना धौलाना पुलिस ने विद्युत ट्रांसफार्मरों के उपकरण चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यूपीएसआईडीसी क्षेत्र रावली पुल के पास से गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 3 कुंतल चोरी का विद्युत कॉपर तार, 1 अवैध चाकू और घटना में प्रयुक्त 2 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन, मोनिश, दानिश और असलम निवासी धौलाना तथा कपिल निवासी पिलखुवा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह निर्माणाधीन और बंद पड़ी फैक्ट्रियों व खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाता था। आरोपी रात में ट्रांसफार्मर से कॉपर तार और अन्य कीमती उपकरण निकालकर कबाड़ में बेच देते थे।
धौलाना पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी शातिर किस्म के विद्युत तार चोर हैं। इनके खिलाफ हापुड़ जनपद में विद्युत तार चोरी, आर्म्स एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।















