कार सवार दो अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 30 लाख रुपए का गांजा बरामद

कार सवार दो अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 30 लाख रुपए का गांजा बरामद
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेशर क्षेत्र में पुलिस ने चैकिंग के दौरान
एक आर्टिका कार सवार दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 56 किलो 990 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत बाजार में करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मेरठ एएनटीएफ के उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह की टीम और गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली के उपनिरीक्षक द्विजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ हाईवे की सर्विस रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक आर्टिका कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का संकेत दिया, लेकिन कार सवारों ने फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
कार की सघन तलाशी ली गई तो पीछे की सीट और डिक्की में छिपाकर रखा गया 56 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी युवकों के पास से 11,310 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल हो रही आर्टिका कार भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी खबरूल हसन मियाँ और अशदुल हक के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा की तस्करी कर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। पुलिस को शक है कि यह गिरोह बड़ा हो सकता है।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है।











