कांवड़ यात्रा से एक दिन पहले सुरक्षा पर सवाल, बस स्टैंड पर करंट से 2 बंदरों की मौत, श्रद्धालुओं में डर

कांवड़ यात्रा से एक दिन पहले सुरक्षा पर सवाल, बस स्टैंड पर करंट से 2 बंदरों की मौत, श्रद्धालुओं में डर
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले ही कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार सुबह नगर के बस स्टैंड के पास मेरठ रोड पर कूड़े के ढेर के चारों ओर लगी टीन की दीवार में करंट उतरने से दो बंदरों की मौत हो गई।
यह वही मार्ग है जहां से 30 जुलाई से बृजघाट गंगा से जल लेकर हजारों कांवड़िए मेरठ की ओर जाएंगे।
स्थानीय व्यापारी नेता मोहित कंसल ने बताया कि बिजली के खंभे से सटी टीन की दीवार में अचानक करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से दो बंदरों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में बंदर मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
लोगों ने कहा कि अगर करंट की चपेट में कोई कांवड़िया आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
अधिशासी अभियंता आदित्य भूषण भारती ने बताया कि सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। करंट आने की वजह की जांच कर तत्काल खामी दूर करवा दी गई है।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सभी संवेदनशील बिजली लाइनों और अस्थायी ढांचों की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।















