बीमा-म्यूचुअल फंड का झांसा देकर 42.30 लाख की साइबर ठगी, 2 साल में अलग-अलग खातों में कराए ट्रांसफर

बीमा-म्यूचुअल फंड का झांसा देकर 42.30 लाख की साइबर ठगी, 2 साल में अलग-अलग खातों में कराए ट्रांसफर
हापुड़। साइबर ठगों ने बीमा और म्यूचुअल फंड में मोटे रिटर्न का झांसा देकर थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव आलमनगर निवासी अवनीश कुमार से 42.30 लाख रुपये ठग लिए। पैसे वापस न मिलने पर ठगी का अहसास हुआ तो पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर साइबर क्राइम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अवनीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2024 में उनके पास रजनी सैनी, महेश गुलाठी, राजीव चंद्र, रोहित और कपिल मिश्रा नाम के लोगों के फोन आए थे।
आरोपियों ने खुद को बीमा और म्यूचुअल फंड कंपनी का प्रतिनिधि बताकर निवेश करने की सलाह दी। मोटे मुनाफे के साथ रुपये वापस दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
भरोसे में आकर अवनीश ने 7 सितंबर 2024 से 29 मई 2026 तक आरोपियों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में करीब 42.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने बताया कि यह रकम उन्होंने परिचितों से ब्याज पर ली थी।
लंबे समय तक रिटर्न और मूलधन न मिलने पर अवनीश को ठगी का शक हुआ। वित्तीय स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने मामले की शिकायत एसपी से की।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि एसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ठगों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। बैंक लेनदेन का पूरा विवरण भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमा या निवेश योजना के नाम पर फोन पर पैसा ट्रांसफर करने से पहले कंपनी और एजेंट की पूरी जांच जरूर करें।















