सगे भाइयों के घरों से लाखों के जेवर और नकदी पार

सगे भाइयों के घरों से लाखों के जेवर और नकदी पार
हापुड़ । थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव बदरखा में चोरों ने एक ही रात में दो सगे भाइयों के घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय दोनों परिवार गहरी नींद में थे। सुबह सामान बिखरा देख चोरी का पता चला तो परिवारों में हड़कंप मच गया।
पीड़ित ताहिर ने बताया कि उनका और बड़े भाई जाकिर का मकान गांव में बराबर-बराबर है। मंगलवार देर रात चोर छत के रास्ते दोनों घरों में दाखिल हुए और कमरों में रखी अलमारियों को खंगाल डाला।
ताहिर के घर से चोर करीब 2 लाख रुपये के गहने और 50 हजार रुपये नकद ले उड़े। वहीं बड़े भाई जाकिर के घर से लगभग 1 लाख रुपये के आभूषण और 4500 रुपये की नकदी चोरी हुई।
सुबह जागने पर घर का सामान बिखरा मिला तो दोनों भाइयों को चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पीड़ित परिवारों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर जल्द खुलासे और सामान बरामद करने की मांग की है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।















