उत्तराखंड में सिखों पर हमले के विरोध में भाकियू का प्रदर्शन, पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प

उत्तराखंड में सिखों पर हमले के विरोध में भाकियू का प्रदर्शन, पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प
हापुड़। । उत्तराखंड में सिखों पर हुए कथित हमले के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने हापुड़ में प्रदर्शन किया। तहसील चौराहे पर उत्तराखंड सरकार का पुतला फूंकने के प्रयास के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
उत्तराखंड की घटना से आक्रोशित भाकियू कार्यकर्ता सुबह तहसील चौराहे पर जमा हुए और सरकार विरोधी नारेबाजी की। कार्यकर्ता उत्तराखंड सरकार का पुतला फूंकने की तैयारी में थे। पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतले को लेकर जमकर छीनाझपटी हुई।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं के पुतला फूंकने के प्रयास को विफल कर दिया और पुतले को अपने कब्जे में ले लिया। भाकियू नेताओं ने कहा कि सिखों पर हुआ हमला निंदनीय है। जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।











