अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं सहित लगभग 1400 योग साधकों ने एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास – डायट प्राचार्या ज्योति दीक्षित

हापुड़ । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद हापुड़ स्थित श्रीमती ब्रह्मा देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में भव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing”रही।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती श्रुति शर्मा, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार गुप्ता तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार राणा के निर्देशन में राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वेलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय अठसैनी के सहयोग से किया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।कार्यक्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हापुड़ के डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं सहित लगभग 1400 योग साधकों ने एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कर स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। योगप्रशिक्षक श्री मनीष शर्मा एवं शिवानी शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान हापुड़ के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अखिलेश, अतुल कुमार,अनुज कुमार, काजल, निकिता, डॉली, प्रीति, प्रिया चौधरी, शिफा, जतिन शर्मा, दीपांशी, सृष्टि तथा गुनगुन चौधरी को जिलाधिकारी महोदया द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डायट हापुड़ की प्राचार्या श्रीमती ज्योति दीक्षित ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र कला है, जो व्यक्ति को आत्मानुशासन, सकारात्मकता एवं आंतरिक संतुलन प्रदान करती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को नियमित योगाभ्यास करने तथा योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। सम्पूर्ण वातावरण योगमय उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मकता से ओत-प्रोत रहा।











