7 साल के अंगदवीर की पगड़ी से मुंह बांधकर हत्या, हापुड़ के HDFC बैंक का एरिया मैनेजर गिरफ्तार, भेजा जेल

7 साल के अंगदवीर की पगड़ी से मुंह बांधकर हत्या, हापुड़ के HDFC बैंक का एरिया मैनेजर गिरफ्तार, भेजा जेल
हस्तिनापुर के जंगल में चाकू से रेता गला, मां और आरोपी को साथ देखने के बाद रची साजिश; पहले खिलाई आइसक्रीम
हापुड़/हस्तिनापुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना में 7 साल के मासूम अंगदवीर की दुस्साहसिक तरीके से हत्या कर दी गई। आरोपी हापुड़ में एचडीएफसी बैंक के एरिया मैनेजर अर्पित पाराशर ने बच्चे को पहले आइसक्रीम खिलाई, फिर हस्तिनापुर के जंगल में ले जाकर उसी की पगड़ी से मुंह बांधा और चाकू से गला रेतकर मार डाला। हत्या के बाद शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बस में हुई थी मुलाकात, बने अवैध संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि रामराज निवासी गुरुसेवक विदेश में नौकरी करता है। उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर रामराज में ही रहती है। करीब तीन साल पहले गुरप्रीत बहसूमा के एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी और रोज बस से आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात हापुड़ स्थित HDFC बैंक के एरिया मैनेजर अर्पित पाराशर से हुई। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए।
बच्चे ने देख लिया था, इसलिए रची साजिश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दो दिन पहले अंगदवीर ने मां गुरप्रीत और अर्पित को साथ देख लिया था। दोनों को डर था कि बच्चा घर में किसी को बता देगा। इसी डर से अर्पित ने अपहरण की साजिश रची। वह अंगदवीर को बहला-फुसलाकर हस्तिनापुर के जंगल ले गया। रास्ते में उसे आइसक्रीम भी खिलाई। सुनसान जगह पहुंचकर बच्चे की पगड़ी से ही उसका मुंह बांध दिया और चाकू से गला काटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने किया खुलासा
वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से आरोपी अर्पित को दबोच लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस मामले में मां की भूमिका की भी जांच कर रही है। मासूम की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।











