जयपुर पटाखा फैक्ट्री धमाके में हापुड़ कनेक्शन, 8 मौतों के बाद खुली पुरानी फाइलें

जयपुर पटाखा फैक्ट्री धमाके में हापुड़ कनेक्शन, 8 मौतों के बाद खुली पुरानी फाइलें
धौलाना और अमरोहा हादसों में भी सामने आया था आरोपी का नाम, पुलिस जुटी नेटवर्क खंगालने में; स्थानीय स्तर पर भी होगी जांच
हापुड़। राजस्थान के जयपुर में 9 जून को खो-नागोरियान इलाके की अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट का तार हापुड़ से जुड़ गया है। हादसे में दो सगे भाइयों समेत 8 लोगों की मौत के बाद जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हापुड़ नगर के एक मोहल्ले का रहने वाला है। खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है और आरोपी के पुराने नेटवर्क व गतिविधियों की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
जयपुर में सुबह-सुबह दहला इलाका
9 जून की सुबह खो-नागोरियान स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद जबरदस्त विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल गया। हादसे में 8 लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण और संचालन में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं।
धौलाना-अमरोहा हादसों से भी जुड़े तार
सूत्रों के अनुसार जयपुर हादसे का आरोपी 2022 में धौलाना क्षेत्र में हुए फैक्ट्री विस्फोट में भी नामजद था। उस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी। अवैध विस्फोटक निर्माण के आरोप में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। इसके अलावा अमरोहा के अतरासी गांव में पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड में 6 महिलाओं की मौत के मामले में भी आरोपी का नाम सामने आया था।
2013 में कानूनगोयान में हुआ था हादसा
हापुड़ में अवैध पटाखा निर्माण का इतिहास पुराना है। वर्ष 2013 में मोहल्ला कानूनगोयान में पटाखा बनाते समय विस्फोट में 5 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी जिले में कई बार ऐसे हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय पुलिस करेगी जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि जयपुर पुलिस की तरफ से अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। फिर भी स्थानीय स्तर पर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण तो नहीं हो रहा, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच एजेंसियां अब विभिन्न राज्यों में हुए विस्फोटों में एक ही नेटवर्क के नाम सामने आने के बाद पूरे तंत्र की गहन पड़ताल कर रही हैं।











