हापुड़ में मिलावटखोरों पर प्रशासन सख्त, रेस्टोरेंट और मंडी में खाद्य विभाग की रेड, कबीर रेस्टोरेंट व पाटिया मंडी में नकली ‘पारस’ घी की शिकायत पर 3 दुकानों से 5 सैंपल भरे

हापुड़ में मिलावटखोरों पर प्रशासन सख्त, रेस्टोरेंट और मंडी में खाद्य विभाग की रेड, कबीर रेस्टोरेंट व पाटिया मंडी में नकली ‘पारस’ घी की शिकायत पर 3 दुकानों से 5 सैंपल भरे
हापुड़। जिले में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को दो जगह बड़ी कार्रवाई की। डीएम के सख्त आदेश पर एक टीम ने गढ़मुक्तेश्वर के कबीर रेस्टोरेंट और दूसरी टीम ने हापुड़ की पाटिया मंडी में छापेमारी की।
गढ़मुक्तेश्वर में रेस्टोरेंट पर छापा
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम सरूरपुर में NH-9 स्थित कबीर रेस्टोरेंट पर फूड इंस्पेक्टर ने छापा मारा। टीम ने रेस्टोरेंट में बन रही ग्रेवी का नमूना जांच के लिए लिया। परिसर में स्वच्छता मानकों की जांच के दौरान कमी मिलने पर संचालक को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि सैंपल लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
पाटिया मंडी में नकली घी पर रेड
वहीं नगर कोतवाली क्षेत्र की पाटिया मंडी में प्रसिद्ध ब्रांड ‘पारस’ के नकली घी बेचे जाने की शिकायत पर छापेमारी की गई। अचानक कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मंडी की तीन प्रमुख दुकानों से घी के कुल पांच नमूने लिए।
डीएम की सख्त चेतावनी
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। यदि घी नकली या मिलावटी पाया गया तो दुकानदारों और सप्लायर्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। डीएम ने चेतावनी दी है कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।











