नाले में पलटी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक ने कूदकर बचाई जान

नाले में पलटी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक ने कूदकर बचाई जान
हापुड़। पिलखुवा में सिखेड़ा रोड पर नाले की खुदाई एवं सफाई कार्य के दौरान शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सिखेड़ा रोड पर नाले की खुदाई और सफाई का कार्य मशीनों की सहायता से कराया जा रहा था। इसी दौरान ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क किनारे खुदाई होने और मिट्टी कमजोर होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रॉली नाले की ओर झुक गई और पलट गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि ट्रैक्टर-ट्रॉली को नुकसान पहुंचा है और उसमें लदी ईंटें नाले में बिखर गईं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले की खुदाई के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और वाहन को बाहर निकाला गया।











