कृषि अधिकारी ने पकड़ा यूरिया से भरा हुआ ट्रक, कालाबाजारी की आशंका

कृषि अधिकारी ने पकड़ा यूरिया से भरा हुआ ट्रक, कालाबाजारी की आशंका
हापुड़ । थाना देहात क्षेत्र स्थित ग्राम असरा मुरादपुर में ग्रामीणों ने यूरिया से भरा ट्रक पकड़ लिया और जिला कृषि अधिकारी को मौके पर बुला लिया। मौके पर जिला कृषि अधिकारी ने जाकर जब बिल मांगे तो बिल में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद कृषि अधिकारी और अन्य अधिकारी यूरिया के ट्रक को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई करने में जुट गए हैं।
इस मामले में जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि ग्राम असरा मुरादपुर के ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि यूरिया से भरा ट्रक खेत में पलट गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यूरिया को दूसरे ट्रक में भरा जा रहा है जो संदिग्ध लग रहा है। जब टीम मौके पर पहुंची और कागजों की जांच की तो जानकारी हुई की यूरिया मेरठ से मेरठ के किठौर जा रहा था और जो बिल फॉर्म मालिक द्वारा दिखाया गया व बिल किसी और कंपनी के यूरिया का था और गुरुवार का था और आज जो यूरिया यहां पर पकड़ा गया है वह किसी और कंपनी का है। फिलहाल 225 कट्टे यूरिया जो पकड़ा गया है यह थाने में जमा करके सीज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











