मकान की तीसरी मंजिल पर लगी भीषण आग, लाखों रुपए का सामान जलकर हुआ स्वाहा

हापुड़ ।
थाना हापुड़ क्षेत्र के राजीव विहार में देर रात एक मकान की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। इस और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
हापुड़ के राजीव विहार मोहल्ले निवासी विनोद शर्मा के मकान की तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों के रहने के लिए कमरे बने हुए हैं। शनिवार रात अचानक इन कमरों से धुआं निकलता दिखाई दिया, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया।
आग की लपटें खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से कमरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।











