विवाह समारोह में तंदूर में थूक लगाकर रोटी सेकने का वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार,भेजा जेल

हापुड़ (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव में आयोजित हुए एक विवाह समारोह में तंदूर में कारीगर द्वारा थूक लगाकर रोटी सेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक कारीगर तंदूर में थूक लगाकर रोटी सेक रहा है। जिससे वहां अचानक गर्म रोटी लेने पहुंचे एक व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूत्रों के अनुसार यह वीडियो बाबूगढ़ के गांव मुक्तेश्वर में आयोजित एक विवाह समारोह का बताया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप ने बताया, वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक युवक को रोटी के साथ अभद्र हरकत करते हुए दिखाया जा रहा है। वीडियो के आधार पर आरोपी किठौर निवासी नसीमुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।











