आठ लाख रुपए के मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले पांच ठग गिरफ्तार, नगदी व सामान बरामद

हापुड़(यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना हापुड़ क्षेत्र में तीन ठगों ने एक राहगीर को आठ लाख रुपए के मुनाफे का लालच देकर30 हजार रुपए, सोने की अंगूठी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र निवासी अजय कुमार ने बताया कि 19 अप्रैल की शाम वह ग्राम असौड़ा जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां तीन अज्ञात युवक पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। कुछ ही देर में उन्होंने अजय को 8 लाख रुपये का मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और उसे अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया।
आरोपी अजय को बहाने से मेरठ रोड फ्लाईओवर के पास ले गए। वहां पहुंचकर उन्होंने मीठी-मीठी बातों में उलझाकर उसके पास रखे करीब 30 हजार रुपये, एक सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन ठग लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में पुलिस की टीमें लगी थीं। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में रविंद्र, रिंकू, विजय उर्फ सीटू राठी, प्रशांत और नीरज पांचाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी के पांच हजार रुपये, मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और दो बाइक बरामद की हैं।











