ऑटो-मिनी ट्रक की टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

ऑटो-मिनी ट्रक की टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल
हापुड़। दिल्ली रोड पर गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात सुचारु कराया।
यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे मेरिनो इंडस्ट्री के पास हुआ। जानकारी के अनुसार पिलखुवा की ओर से आ रहा एक ऑटो हापुड़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कंपनी परिसर से निकल रहे मिनी ट्रक से ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। ऑटो चालक और एक अन्य यात्री की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, इसलिए उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और घायलों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है।











