खाद्य विभाग का छापा, ढाबे की ग्रेवी और डेयरी के पनीर-दूध के सैंपल लैब भेजे

खाद्य विभाग का छापा, ढाबे की ग्रेवी और डेयरी के पनीर-दूध के सैंपल लैब भेजे
हापुड़। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को बाबूगढ़ क्षेत्र में दो प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर खाने-पीने की वस्तुओं के नमूने संग्रहित किए। सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में सचल दल ने कार्रवाई की।
टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह पंघाल, विपिन कुमार सिंह और मोहित कुमार शामिल रहे।
बाबूगढ़ छावनी स्थित गर्ग डेयरी पर छापेमारी के दौरान पनीर, बटर और दूध का एक-एक नमूना लिया गया। वहीं एनएच-09 पर स्थित बिस्मिल्लाह ढाबा से ग्रेवी का नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों जगह कुछ कमियां भी पाई गईं, जिसके लिए सुधार सूचना नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मिलावट और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए इस तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा।











