हापुड़ में प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर बढ़ा विरोध, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

हापुड़।
जनपद में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटरों के खिलाफ उघोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौंपते हुए पुराने बिजली मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में मंडल के जिलाध्यक्ष विजेंद्र पंसारी और जिला वरिष्ठ महामंत्री अमन गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर में तेजी से लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीटर लगाने की प्रक्रिया के दौरान कई स्थानों पर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है और भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
व्यापारियों ने बताया कि सबसे गंभीर समस्या बिजली आपूर्ति को लेकर सामने आ रही है। कई मामलों में उपभोक्ताओं द्वारा समय पर बिल जमा करने के बावजूद 24 घंटे तक बिजली बहाल नहीं हो रही है। गर्मी के मौसम में इससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर घरों में महिलाएं, छोटे बच्चे और पढ़ाई कर रहे छात्र इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है। व्यापार मंडल ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान विजेंद्र पंसारी, अमन गुप्ता, विजय अग्रवाल, पुरुषोत्तम, सौरभ गोयल, सौरभ अग्रवाल, गोविंद और योगेंद्र अग्रवाल मोनू सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।











